भ्रष्ट राजनेताओं एवं अफसरशाही और माफियाओं के खिलाफ अब एक हो जाओ .
आज अगर हम उत्तराखण्ड में व्याप्त भ्रष्टाचार रुपी महामारी को समाप्त करना चाहते हैं, तो आप सभी लोगों को अपने अस्तित्व को उत्तराखण्ड से जोड़ना होगा और यह तभी सम्भव है जब आप लोग एकजुट होंगेlयह उत्तराखडं आपका फूल रुपी बगीचा है, जिसे आपने ही सुधारना और संवारना है। दूसरा तो इससे रौंदेगा, काटेगा,लूटेगा और इससे बदसूरत बना देगा।
मैं सभी राजनीतिक संगठनों के सभी सम्मानित पदाधिकारियों एवं सभी कार्यकर्ताओं से एक मार्मिक अपील कर रहा हूँ की अपने-२ नाम, अपने-२ एजेंडों की लड़ाई में न पड़कर, आज उत्तराखण्ड में व्याप्त, भ्रष्ट राजनीति-अफसरशाही एवं माफियाराज के खिलाफ एक, एकता का बीज बो दो। वह एकता का बीज जो स्वयं के अस्तित्व को मिट्टी में मिलाकर, सड़ाकर, गलाकर फिर एक विशालकाय वृक्ष का रूप धारण करता है और फिर वही वृक्ष न जाने कितने और ऐंसे ही बीजों को पैदा करता है।
आज उत्तराखण्ड में, जैसे ड्रगस, शराब, भू, शिक्षा, वन, का एक अटूट गठबन्धन बन चुका है, जो कि उत्तराखण्ड को लूट रहा है। उत्तराखण्ड प्रदेश के साथ क्या विडम्बना है कि पहाड़ में 200 नाली जमीन का मालिक घर छोड़ रहा है केवल एक छोटी-सी नौकरी के लिये। वहीं मैदानों में 5 नाली जमीन वाला करोड़ों का मालिक। फिर किस पैमाने पर आप लोग पहाड़ों का विकास करोगे।

भ्रष्टाचार ही इस प्रदेश की राजनीति है। तिवारी सरकार के कार्यकाल में हुये 56 घोटालों को मुद्दा बनाकर भाजपा ने चुनाव लडा, एवं जनता से भयमुक्त एवं भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगें, का वादा किया। भाजपा सरकार, सत्ता में आने के बाद स्वयं भ्रष्टाचार में मंत्रमुग्ध हो गई. फिर काँग्रेस, भाजपा सरकार में हुए 100 से अधिक घोटालों को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई एवं चुनावी सभाओं में जनता से वादा किया कि वह 3 महीनों के अन्दर, राज्य बनने के बाद हुए सभी घोटालों की CBI जाँच कराएगी। काँग्रेस ने सरकार बनायी, एवं अब काँग्रेस ने CBI जाँच तो दूर की बात है, जिन भ्रष्टाचार के मामलों के लिए कई आयोग गठित किए गये थे, उनकी फाइलों को सार्वजनिक करने के बजाय दबा कर रख दिया और आज फिर भाजपा एक बार फिर उसी रूप में, वर्तमान काँग्रेस सरकार में हुए घोटालों के खिलाफ, केन्द्रीय नेताओं की फौज को प्रदेश की जनता के बीच में खड़ा करके, सत्ता में आने का प्रयास कर रही हैं, देवभूमि उत्तराखंड की महान जनता जिसने अपने बलिदान, त्याग एवं प्रताड़ना से यह प्रदेश बनाया, यह सब कुछ जानती है। वह मजबूत है पर मजबूर है।
अगर आप लोगों ने यह समय गंवाया तो यह देवभूमि एवम यहाँ की जनता आपको कभी भी माफ़ नहीं करेगी। वक्त है एक जुट हो जाओ । जैसे ही आप सभी एक जुट हो जाओगे उत्तराखण्ड में, भ्रष्ट राजनेताओं-अफसरों एवं माफियाओं का जो एक अटूट गठबंधन है उसमें में खलबली मच जायेगी।
समय अति कम है, लड़ाई बड़ी है, इसलिए सबको तत्काल एक निर्णय, मिल बैठ कर उत्तराखण्ड में व्याप्त भ्रष्ट राजनीति एवं अफसरशाही और माफियाराज के खिलाफ लेना होगा। एक उत्तराखण्ड का झंडा होगा, एक आवाज होगी, एक ताकत होगी और एक ही एजेंडा होगा।
एकता का प्रतीक...
"जय बदरी, जय बागेश्वर"
"जय केदार, जय जागेश्वर"
जय उत्तराखण्ड, स्वामी दर्शन भारती
No comments:
Post a Comment